देहरादून में सड़क हादसों पर डीएम का सख्त एक्शन, ब्लैक स्पॉट सुधारने से लेकर ड्रंक एंड ड्राइव पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
देहरादून। भारत केसरी
जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों का बड़े स्तर पर सर्वे कर तत्काल सुधार कार्य शुरू किए जाएं तथा सड़क सुरक्षा कार्यों की हर माह समीक्षा की जाएगी।

डीएम ने बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत, जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम मजबूत करने और देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आशारोड़ी से डाटकाली टनल तक सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनधिकृत मीडियन क्रॉसिंग तत्काल बंद कराने और आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट, रंबल स्ट्रिप, संकेतक बोर्ड व अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में चकराता और कालसी क्षेत्र में ओवरलोडिंग, अनफिट वाहनों और ड्रंक एंड ड्राइव को सड़क हादसों का बड़ा कारण बताते हुए परिवहन विभाग और पुलिस को विशेष अभियान चलाकर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने स्कूल बसों और अन्य शैक्षणिक वाहनों की नियमित फिटनेस जांच, परमिट सत्यापन और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग न करने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि जनभागीदारी से ही दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए।
