DEHRADUNUttrakhand

बसंत विहार में KRAD GLOBAL के चौथे सेंटर का शुभारंभ, 5,000 युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य

देहरादून | 5 अगस्त 2026

देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में बुधवार को KRAD GLOBAL के चौथे सेंटर का धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा-अर्चना के साथ भव्य शुभारंभ किया गया। सेंटर का उद्घाटन क्षेत्र की विधायक सविता कपूर और नेहा जोशी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संस्था के निदेशक पृथ्वीराज सिंह चौहान सहित टीम के सदस्य और बड़ी संख्या में युवा एवं अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद अतिथियों ने सेंटर का अवलोकन किया और संस्था द्वारा युवाओं के लिए संचालित प्रशिक्षण एवं रोजगार संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर KRAD GLOBAL के निदेशक पृथ्वीराज सिंह चौहान ने कहा कि संस्था पिछले करीब 15 वर्षों से ट्रैवल, टूरिज्म और रोजगार आधारित सेवाओं के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल नौकरी की तलाश ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए कौशल विकास और सही करियर मार्गदर्शन भी बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से KRAD GLOBAL प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि संस्था का लक्ष्य केवल एक व्यावसायिक संस्थान स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। संस्था ने आने वाले समय में 5,000 से अधिक युवाओं को रोजगार एवं करियर के अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि KRAD GLOBAL उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक मजबूत करियर प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित होगा।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर और नेहा जोशी ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने वाले ऐसे प्रयास समाज और राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

इस दौरान KRAD GLOBAL की ओर से नवदीप शर्मा, विशाल, आशीष नौटियाल, राहुल नेगी और दिनेश तनुजा सहित टीम के अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया तथा संस्था की आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने विश्वास जताया कि बसंत विहार स्थित नया सेंटर युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार और बेहतर करियर निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।