Uttrakhand

फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स–2026 में सम्मानित हुए प्रगतिशील किसान, ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बढ़ाया उत्साह

देहरादून, 6 अगस्त 2026। दिल्ली प्रेस की कृषि पत्रिका फार्म एन फूड द्वारा आयोजित फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स–2026 (उत्तराखंड) का भव्य आयोजन गुरुवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, देहरादून में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड के ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए कृषि और ग्रामीण विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया।

समारोह में प्रदेश के प्रगतिशील किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि संस्थानों तथा कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को राज्य स्तरीय कृषि सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, जलवायु अनुकूल खेती, बागवानी तथा किसानों की आय बढ़ाने के सफल प्रयासों को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और ग्रामीण विकास को एक-दूसरे का पूरक मानते हुए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सेब उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसानों की आय में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, मूल्य संवर्धन पर ध्यान देने और कृषि आधारित उद्यमों की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

फार्म एन फूड पत्रिका की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और कृषि उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत बनाने तथा कृषि क्षेत्र की प्रेरक कहानियों को देशभर तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से 200 से अधिक किसानों ने भाग लिया, जबकि लगभग 25 प्रगतिशील किसानों, कृषि विशेषज्ञों एवं संस्थाओं को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तरीय कृषि सम्मान से सम्मानित किया गया।