मसूरी विधानसभा में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर मंथन
देहरादून, 6 अगस्त। मसूरी विधानसभा के अंतर्गत श्री देव सुमन नगर मंडल की मासिक बैठक मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी चुनावी तैयारियों तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत धोरण वार्ड (बूथ संख्या-25) के बूथ अध्यक्ष स्वर्गीय ब्रह्म किशोर शर्मा को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके संगठन के प्रति समर्पण और योगदान को याद किया।
बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों और तिरंगा यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में 9 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आयोजित होने वाली विशाल तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई। साथ ही सभी नागरिकों से अपने घरों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सुनीता विद्यार्थीसहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

