CM UTTRAKHANDEmployment newsUttrakhand

उत्तराखंड में 2,477 नई सरकारी भर्तियों की तैयारी, दिसंबर तक 4,000 पदों की प्रक्रिया होगी आगे

देहरादून, 6 अगस्त। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार रोजगार के मोर्चे पर बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। लंबे समय से सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत की खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) दिसंबर 2026 से पहले विभिन्न विभागों में 2,477 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके साथ ही पहले से लंबित करीब 1,470 पदों की लिखित परीक्षाएं भी इसी अवधि में आयोजित करने की तैयारी है।

यदि आयोग निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्य करता है, तो वर्ष 2026 के अंत तक लगभग 4,000 पदों की भर्ती प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच जाएगी।

कई विभागों में निकलेगी भर्ती

आयोग के अनुसार जिन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी, उनमें—

  • स्केलर
  • कनिष्ठ सहायक
  • वैयक्तिक सहायक
  • स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद
  • पुलिस, आबकारी एवं परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद
  • संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक
  • सहायक विकास अधिकारी (ADO)
  • अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पद शामिल हैं।

इन भर्तियों के माध्यम से लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने के साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

दिसंबर तक कई भर्ती परीक्षाएं भी होंगी

आयोग केवल नई भर्तियां ही नहीं, बल्कि पहले से जारी भर्ती प्रक्रियाओं को भी गति देगा। दिसंबर तक लगभग 1,470 पदों की लिखित परीक्षाएं कराने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें—

  • वैयक्तिक सहायक
  • पशुधन प्रसार अधिकारी
  • सहायक लेखाकार
  • कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद
  • विभिन्न तकनीकी सेवाओं के पद
  • स्नातक स्तर की अन्य भर्तियां शामिल हैं।

चुनाव से पहले रोजगार पर सरकार का फोकस

राजनीतिक दृष्टि से भी इन भर्तियों को अहम माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले सरकार रोजगार को अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल करना चाहती है। भर्ती परीक्षाओं में नकल के मामलों के बाद लागू किए गए नकल विरोधी कानून के जरिए सरकार पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया का दावा कर रही है।

34 हजार नौकरियां देने का दावा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने कार्यकाल के पहले दिन से ही बेरोजगारी कम करने को प्राथमिकता दी है। उनके अनुसार पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में भी विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

आयोग अध्यक्ष ने बताया रोडमैप

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया ने बताया कि आयोग ने दिसंबर से पहले 2,477 नए पदों पर आवेदन आमंत्रित करने और पहले से लंबित लगभग 1,470 पदों की लिखित परीक्षाएं संपन्न कराने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि आयोग समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी कर चयनित अभ्यर्थियों को विभागों को उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है।