देहरादून पहुंचे अठावले ने खोला मोदी सरकार की योजनाओं का पिटारा, आरक्षण से पेपर लीक तक बेबाक बोले
देहरादून | 07 अगस्त 2026
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले शुक्रवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। बीजापुर गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने केंद्र सरकार की सामाजिक न्याय, जनकल्याणकारी योजनाओं और समावेशी विकास से जुड़ी उपलब्धियों को सामने रखा।

अठावले ने कहा कि केंद्र सरकार अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के अन्य कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ देशभर में करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
जनधन से लेकर आयुष्मान तक योजनाओं का किया जिक्र
केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत देशभर में 58.30 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें उत्तराखंड के 40.91 लाख खाते शामिल हैं। वहीं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत देशभर में 58.31 करोड़ से अधिक ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जबकि उत्तराखंड में 36.87 लाख लाभार्थियों को इसका लाभ मिला है।
उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को भी सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाएं बताते हुए कहा कि इनसे आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
अठावले के मुताबिक आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में 12.17 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा नशा मुक्ति के लिए 790 केंद्रों की स्थापना, वृद्धाश्रमों को सहयोग तथा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं।
आरक्षण को लेकर अठावले का बड़ा बयान
सामाजिक न्याय और आरक्षण के मुद्दे पर अठावले ने कहा कि आरक्षण संविधान प्रदत्त व्यवस्था है और इसका विरोध संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की सोच अनुसूचित जाति-जनजाति के साथ अन्य पिछड़ा वर्ग को भी आरक्षण का लाभ दिलाने की थी।
प्रस्तावित जातीय जनगणना पर उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न समुदायों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी और सरकार को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी तरीके से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
महिला आरक्षण और परिसीमन पर भी बोले
महिला सशक्तिकरण पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण की पहल लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि परिसीमन की प्रक्रिया व्यापक राजनीतिक सहमति के साथ आगे बढ़ेगी।
पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई का दावा
प्रश्नपत्र लीक मामलों पर अठावले ने कहा कि सरकार ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़ा कानून बनाया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समाज से भी ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की।
संसद के सुचारु संचालन की अपील
मानसून सत्र को लेकर उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रहित में संसद के सुचारु संचालन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा लोकतंत्र को मजबूत करती है।
धामी को बताया अच्छा मित्र
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना अच्छा मित्र बताते हुए रामदास अठावले ने उनके नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उल्लेखनीय प्रगति की है।
अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार ने सामाजिक न्याय, गरीब कल्याण, उद्यमिता और समावेशी विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
