Uttrakhand

देहरादून-ऋषिकेश-हरिद्वार से सोमनाथ, खाटू श्याम और अयोध्या के लिए ट्रेन चलाने की मांग

देहरादून। भाजपा राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने संसद के मानसून सत्र के दौरान उत्तराखंड से देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग उठाई है।

Oplus_16908288

डॉ. बंसल ने सदन में विशेष उल्लेख के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की कि देहरादून-ऋषिकेश-हरिद्वार से श्री सोमनाथ मंदिर, पुष्कर तीर्थ, श्री खाटू श्याम जी, श्री अयोध्याधाम, माउंट आबू और राजस्थान के अन्य प्रमुख शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनों के साथ-साथ नियमित सामान्य श्रेणी की ट्रेनों का संचालन किया जाए।

 

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड तीर्थाटन और पर्यटन की दृष्टि से देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक उत्तराखंड आते हैं और यहां से देश के अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा भी करना चाहते हैं। ऐसे में पर्याप्त रेल सेवाओं का उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है।

 

डॉ. बंसल ने कहा कि वर्तमान में कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और गर्भवती महिलाओं को लंबी एवं जटिल यात्राओं में अधिक कठिनाई होती है।

 

उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार से इन प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए नियमित रूप से कम से कम एक स्पेशल ट्रेन और एक सामान्य श्रेणी की ट्रेन का संचालन किया जाए।

 

सांसद ने कहा कि रेल सेवा बढ़ने से यात्रियों को समय पर आरक्षण की सुविधा मिलेगी और उत्तराखंड के लोगों के साथ देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ उत्तराखंड और राजस्थान सहित अन्य राज्यों के बीच आवागमन भी सुगम होगा।

 

डॉ. नरेश बंसल ने केंद्र सरकार से इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।