भाजपा गढ़वाल मंडल की बैठक में मिशन-2027 का मंथन, धामी बोले- झूठ और भ्रम का दें मुंहतोड़ जवाब
सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं से तीसरी बार सरकार बनाने के लिए जुटने का किया आह्वान, महेंद्र भट्ट बोले- SIR से देवभूमि को सुरक्षित बनाना लक्ष्य
देहरादून, 8 अगस्त। भाजपा गढ़वाल मंडल के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को हरिद्वार रोड स्थित अतिथि सामुदायिक भवन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनाव की तैयारियों और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली चुनावी परीक्षा में 100 फीसदी सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सामूहिकता के साथ तैयारी करनी होगी।
सीएम धामी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की ओर से झूठ, भ्रम और अफवाह की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का सच जनता तक पहुंचाएं।
पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष की ओर से पेपर लीक को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। धामी ने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि नकल के एक प्रकरण में भी सरकार ने कड़ी कार्रवाई की और कठोर नकल विरोधी कानून के तहत नकल माफिया जेल में हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता “बिना पर्ची, बिना खर्ची” पारदर्शी तरीके से युवाओं को रोजगार देना है।
SIR को लेकर महेंद्र भट्ट का विपक्ष पर हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि SIR के जरिए मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने की संवैधानिक प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इसमें सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
भट्ट ने आरोप लगाया कि विपक्ष SIR को लेकर भ्रम फैलाकर घुसपैठियों और अयोग्य लोगों को बचाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य उत्तराखंड को घुसपैठ और अवैध वोटरों की समस्या से सुरक्षित बनाना है।
तिरंगा यात्रा से लेकर बूथ सशक्तिकरण तक की समीक्षा
बैठक में जिला और मंडल स्तर पर होने वाले आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा अभियान, संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती, 14 अगस्त विभाजन विभीषिका दिवस, मन की बात और बूथ सशक्तिकरण जैसे कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने रविदास जयंती कार्यक्रमों की जानकारी दी, जबकि प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने SIR प्रक्रिया को लेकर मंडल एवं जिला अध्यक्षों को दिशा-निर्देश दिए। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने किया।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में गढ़वाल मंडल के जिला अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया।

