15 अगस्त तक करा लें LPG ई-केवाईसी, वरना गैस सप्लाई में आ सकती है दिक्कत!
देहरादून। जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी को लेकर जरूरी सूचना सामने आई है। गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से 15 अगस्त 2026 तक ई-केवाईसी पूरा कराने की अपील की है। तय समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में गैस सिलेंडर की आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

गैस कंपनियों के अनुसार, ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर संबंधित कनेक्शन को निष्क्रिय श्रेणी में रखा जा सकता है। इसके चलते घरेलू श्रेणी के तहत मिलने वाले लाभ प्रभावित होने की संभावना है और नियमानुसार सिलेंडर की दरों पर भी असर पड़ सकता है।
क्यों जरूरी है ई-केवाईसी?
घरेलू गैस कनेक्शनों का आधार आधारित सत्यापन करने का उद्देश्य फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करना और गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाना है। साथ ही इससे वास्तविक उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड अपडेट करने और सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी
पीएनजी और एलपीजी दोनों प्रकार के कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं के डेटा को भी इस प्रक्रिया के माध्यम से बेहतर तरीके से चिन्हित किया जा सकेगा।
कहां और कैसे कराएं ई-केवाईसी?
उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित गैस कंपनियों के मोबाइल ऐप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सुविधा के जरिए भी ई-केवाईसी की जा सकती है।
कई क्षेत्रों में घर तक सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी, गैस एजेंसी संचालकों और गैस कंपनियों के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और 15 अगस्त से पहले अपनी ई-केवाईसी जरूर पूरी करा लें, ताकि भविष्य में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।

