Uttrakhand

तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित हुईं 13 महिलाएं, 35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को भी राज्य स्तरीय सम्मान

देहरादून।

भारत केसरी

वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिवस के अवसर पर देहरादून के मुख्यमंत्री सेवक सदन, गढ़ी कैंट में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को राज्य स्तरीय आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए। सभी सम्मानित महिलाओं को 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि सम्मानित महिलाएं उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति के लिए प्रेरणादायी उदाहरण हैं। सरकार महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

वहीं मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली पुरस्कार उन महिलाओं और बेटियों के योगदान को सम्मान देने का माध्यम है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा, खेल, कला-क्राफ्ट, समाज सेवा और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

 

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां कुपोषण उन्मूलन, पोषण ट्रैकर और स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उनके समर्पण और सेवाभाव को देखते हुए उन्हें राज्य स्तरीय सम्मान दिया गया है।

 

अब बढ़ेगी पुरस्कार की राशि

 

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों पुरस्कारों की सम्मान राशि बढ़ाने की भी घोषणा की। अब तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये और उत्कृष्ट आंगनवाड़ी पुरस्कार की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 61 हजार रुपये की जाएगी।

 

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ और विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार समेत कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।