समाधान दिवस में 145 से अधिक फरियादियों की सुनी समस्याएं, लंबित शिकायतों पर आयुक्त सख्त
देहरादून, 10 अगस्त 2026। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समाधान दिवस में 145 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। आयुक्त ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। वहीं, शेष शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

समाधान दिवस में जनसमस्याओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों और विभागीय स्तर पर लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कई शिकायतें 180 दिन से अधिक समय से लंबित मिलने पर गढ़वाल आयुक्त ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को एक माह के भीतर ऐसी सभी शिकायतों का अनिवार्य रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जनशिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बुजुर्ग फरियादियों के लिए कलेक्ट्रेट में होगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच
समाधान दिवस में बड़ी संख्या में बुजुर्ग फरियादियों के पहुंचने पर आयुक्त आनंद स्वरूप ने मानवीय पहल करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपनी शिकायत के निस्तारण के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है। ऐसे में प्रतीक्षा अवधि के दौरान ही उनकी स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें एक साथ प्रशासनिक और स्वास्थ्य संबंधी सुविधा मिल सके।
सड़क और सुरक्षा दीवार से जुड़े मामलों पर तत्काल कार्रवाई
समाधान दिवस में खत कोरू विकास समिति के अध्यक्ष ने कालसी विकासखंड में लंबे समय से स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने की शिकायत रखी। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान बड़ासी ग्रांट ने सौंग नदी का जलस्तर बढ़ने से सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने और नदी का पानी आबादी क्षेत्र की ओर आने से संभावित खतरे की जानकारी दी। मामले में आयुक्त ने प्रभागीय वनाधिकारी को मौके का निरीक्षण कर सौंग नदी के किनारे सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
इसी क्षेत्र में ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार को जांच कर अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया।
वहीं, अजबपुर कलां स्थित बैंक कॉलोनी में बारिश का पानी घरों में घुसने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आपदा से क्षतिग्रस्त पुलिया और मकान का मामला भी उठा
कालसी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह चौहान ने ग्राम पंचायत सलगा के अंतर्गत डेगडा खंड में भारी बारिश के कारण पैदल पुलिया क्षतिग्रस्त होने की शिकायत रखी। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपदा मद से तत्काल आकलन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आराघर निवासी मंचल बाला ने पिछले वर्ष बारिश में क्षतिग्रस्त हुए मकान की मरम्मत के लिए अहेतुक सहायता नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर तहसीलदार को मौके का निरीक्षण कर एसडीआरएफ के मानकों के अनुसार प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
संपर्क मार्ग अवरुद्ध करने पर कार्रवाई के निर्देश
डांडा लखौंड वार्ड संख्या-60 के निवासियों ने सहस्रधारा रोड से डिफेंस कॉलोनी एन्क्लेव जाने वाले संपर्क मार्ग को अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की। लोगों के मुताबिक स्थानीय व्यक्तियों ने मार्ग पर करीब सात फीट ऊंचे दो पिलर खड़े कर लोहे के गाटर डाल दिए हैं, जिससे स्कूल बस, वैन, एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को मामले की जांच कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सीवर लाइन से वर्षाजल जोड़ने पर नगर निगम को जांच के निर्देश
हरिपुर कलां के वार्ड संख्या-41 के निवासियों ने भवनों से निकलने वाले वर्षाजल को सीवर लाइन से जोड़ने के कारण सीवर का पानी घरों में भरने की शिकायत की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने नगर निगम को पूरे नगर क्षेत्र में जांच अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मकान के नाम पर 20 लाख की धोखाधड़ी की शिकायत
आईटी पार्क निवासी मनमोहन सकलानी ने मकान खरीदने के नाम पर 20 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी की शिकायत समाधान दिवस में रखी। उन्होंने बताया कि लिखित एग्रीमेंट के आधार पर मकान खरीदने के लिए मालिक को 20 लाख रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन अब मकान मालिक रजिस्ट्री करने से इनकार कर रहा है और रकम भी वापस नहीं कर रहा।
आयुक्त ने एसडीएम को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई और निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग से मारपीट और धमकी की शिकायत, एसपी सिटी को कार्रवाई के निर्देश
68 वर्षीय प्रेम सिंह बिष्ट ने शिकायत की कि उनका दामाद मकान पर कब्जा करने की नीयत से उनके साथ मारपीट और धमकी दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें उनके ही घर से बेघर करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गढ़वाल आयुक्त ने एसपी सिटी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
2007 से लंबित मुआवजे का मामला भी पहुंचा समाधान दिवस
ऋषिकेश में आईएसबीटी से चंद्रभागा पुल तक सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि और दुकानों का वर्ष 2007 से मुआवजा लंबित होने की शिकायत भी सामने आई। आयुक्त ने ओसी डीएलआरसी को मामले की आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, ग्राम पंचायत कावाखेड़ा से कांदोई भरम तक करीब छह किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने से क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानी पर लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्कूल की क्षतिग्रस्त दीवार और सोलर योजना में धोखाधड़ी की शिकायत
कौलागढ़ में भारी बारिश के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्कूल के आवासीय परिसर की दीवार क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं, शुभव व्यास ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर लगाने के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत की। इस मामले में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्थानीय समस्याएं जिला मुख्यालय तक न आएं : आयुक्त
समाधान दिवस के अंत में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर की समस्याओं का निस्तारण संबंधित विभाग और तहसील स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं पड़नी चाहिए।
आयुक्त ने अवैध अतिक्रमण, सरकारी और निजी भूमि पर अवैध कब्जे तथा भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, डीएफओ वैभव सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, पुलिस अधीक्षक जगदीश पंत, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

