DEHRADUNDM DEHRADUN

SIR पर डीएम सख्त: 13 अगस्त की रात तक फार्म-6, 7 और 8 अपलोड करने के निर्देश

देहरादून, 11 अगस्त 2026। निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत प्राप्त दावे और आपत्तियों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 को 13 अगस्त 2026 की रात्रि तक अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।

 

 

जिलाधिकारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप SIR कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

फार्म-6 की जांच में विशेष सावधानी के निर्देश

डीएम ने अधिकारियों को विशेष रूप से फार्म-6 की जांच पूरी गंभीरता और सावधानी से करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि फार्म-6 अपलोड करने से पहले संबंधित आवेदक की जानकारी और प्रस्तुत अभिलेखों का सही ढंग से परीक्षण किया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन नामावली में किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण करते समय गुणवत्ता, शुद्धता और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई

जिलाधिकारी ने सभी ERO को अपने-अपने क्षेत्रों में SIR से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों एवं कार्मिकों से प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षाकृत कम है, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाकर प्रगति बढ़ाई जाए। निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात कार्य करें।

नोटिस की कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश

डीएम ने लंबित प्रकरणों में नोटिस की कार्रवाई भी तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।

दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता, शुद्धता और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना SIR का उद्देश्य

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन नामावलियों को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसलिए इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएं।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार और उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा कलेक्ट्रेट सभागार से उपस्थित रहे। वहीं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनपद के अन्य सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।