Uttrakhand

वीर अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत की आठवीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि

ऋषिकेश, 12 अगस्त 2026। वीर अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत की आठवीं पुण्यतिथि पर ऋषिकेश में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर श्री शम्भू पासवान ने उपस्थित होकर अमर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया।

इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने शहीद प्रदीप सिंह रावत के बलिदान को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्मृति द्वार तथा अपर गंगा नगर का नाम अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत के नाम पर किए जाने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को शहीद के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा मिलेगी तथा उनका महान बलिदान सदैव स्मरण किया जाता रहेगा।

 

महापौर ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिक राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। शहीद प्रदीप सिंह रावत का त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने शहीद की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान सभी ने राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने तथा शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचन्द अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष कर्नल बलवीर सिंह कपसूड़ी, विशिष्ट अतिथि एवं नगर निगम ऋषिकेश के महापौर श्री शम्भू पासवान, श्री यमुना प्रसाद त्रिपाठी, प्रधानाचार्य, भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।