देहरादून की साइबर ठगी का अमृतसर कनेक्शन, STF के हाथ लगा अहम आरोपी
देहरादून।
भारत केसरी
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने ₹55.48 लाख की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के एक सदस्य को अमृतसर, पंजाब से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभजीत सिंह (20) निवासी छेहरटा, अमृतसर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खुद को IIFL Wealth Management से जुड़ा बताकर शेयर और IPO में निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता से 16 दिसंबर 2025 से 28 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में RTGS के माध्यम से कुल ₹55,48,412 जमा कराए गए।
विवेचना के दौरान बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में सामने आया कि प्रभजीत सिंह के PNB खाते में साइबर ठगी की ₹8,94,300 की रकम पहुंची थी। यह धनराशि संदिग्ध खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उसके खाते में ट्रांसफर की गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने ठगी की रकम को ATM और चेक के माध्यम से निकाला। पर्याप्त बैंकिंग एवं तकनीकी साक्ष्य मिलने के बाद STF/साइबर टीम ने अमृतसर में दबिश देकर 11 अगस्त 2026 को तारा वाला पुल, जालंधर रोड, अमृतसर से प्रभजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अहम खुलासे
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अन्य बैंक खातों से भी साइबर ठगी की रकम निकाले जाने की जानकारी दी है। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।
बरामदगी
01 मोबाइल फोन
01 SMS अलर्ट नंबर
गिरफ्तार आरोपी: प्रभजीत सिंह पुत्र स्व. जोगेंद्र सिंह, निवासी गली नंबर 07, भल्ला कॉलोनी, छेहरटा, अमृतसर, पंजाब, उम्र 20 वर्ष।
कार्रवाई करने वाली टीम: निरीक्षक विजय भारती (विवेचक), उपनिरीक्षक रमन बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव एवं कांस्टेबल सोहन बडोनी।
