DEHRADUN

स्मार्ट मीटर विवाद पर कांग्रेस का ऊर्जा विभाग पर हमला, 15 दिन में समाधान नहीं तो तालाबंदी और घेराव की चेतावनी

देहरादून,

भारत केसरी

12 अगस्त 2026। कैंट विधानसभा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिलों और उपभोक्ताओं की शिकायतों को लेकर कांग्रेस ने ऊर्जा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रितेश छैत्री के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा विभाग एवं उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

 

प्रतिनिधिमंडल ने स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली, अचानक बढ़े विद्युत बिलों और उपभोक्ताओं की आर्थिक परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस ने मांग की कि विवादित स्मार्ट मीटरों की स्वतंत्र एवं तकनीकी जांच कराई जाए और जिन उपभोक्ताओं के बिल अचानक अत्यधिक बढ़े हैं, उनके मीटर और विद्युत खपत की जांच कर आवश्यक सुधार किया जाए।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, विभाग के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन का समय दिया है। रितेश छैत्री ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस ऊर्जा विभाग की तालाबंदी और घेराव करेगी।

 

कांग्रेस ने मांग की है कि शिकायत वाले स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बदला जाए। साथ ही दोषपूर्ण मीटरों के कारण अतिरिक्त वसूली गई राशि का समायोजन या भुगतान वापस किया जाए। जांच पूरी होने तक विवादित एवं गलत विद्युत बिलों की वसूली पर रोक लगाने की भी मांग की गई।

 

रितेश छैत्री ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं पर किसी भी तरह का अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं पड़ना चाहिए। यदि स्मार्ट मीटर या बिलिंग व्यवस्था में तकनीकी खामी के कारण अधिक बिल आ रहे हैं तो विभाग को तत्काल जांच कर उपभोक्ताओं को राहत देनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपभोक्ताओं के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा विभाग से स्मार्ट मीटर और बिलिंग व्यवस्था से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने की मांग की।

 

प्रतिनिधिमंडल में संजय शर्मा, राजीव पुंज, संजय कुमार, अनुराग गुप्ता, चरणजीत कौशल, प्रमोद गुप्ता, राजेश शर्मा, दीवान बिष्ट, मुकेश चौहान, राम कुमार थपलियाल, अनिल नेगी, अनिल बस्नेत, राजेंद्र धवन, विजय शाही, कासिम चौधरी, बबलू, मोहित मेहता, राजीव प्रजापति, सतीश कुमार, गौरव वर्मा, मेहताब आलम, नितिन रावत, अरुण सिंह आदि मौजूद रहे।