स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में ध्वजारोहण, हरक सिंह रावत ने शहीदों को किया नमन
देहरादून। देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में तिरंगा फहराया जा रहा है और विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में देहरादून स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।

कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में शनिवार सुबह 9:15 बजे ध्वजारोहण कार्यक्रम हुआ। प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान के साथ देश के स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि देश की आजादी के लिए जिन शहीदों और महान विभूतियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, कांग्रेस कार्यकर्ता उनके बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत और जिस समाज का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता उत्तराखंड को सफल, समृद्ध और विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ अपनी भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनहित के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र एवं उत्तराखंड के विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
