DEHRADUNUttrakhand

स्वतंत्रता दिवस पर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने विकास में नागरिकों की भूमिका पर दिया जोर

देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों को याद किया गया। इसी क्रम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने देश की आजादी के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रदेश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को अहम बताया।

 

 

बंशीधर तिवारी ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और देशवासियों ने लंबे संघर्ष के साथ अनेक बलिदान दिए। आजादी के इस संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए और राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश की प्रगति केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग और नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज और प्रदेश को मजबूत बनाने के लिए किसी भी स्तर पर कमजोर कड़ी नहीं रहनी चाहिए।

सचिव मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाए, तो उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना संभव है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी नागरिकों से प्रदेश के विकास, सामाजिक जिम्मेदारियों और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत और समृद्ध उत्तराखंड बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। सरकार, प्रशासन और आमजन के समन्वित प्रयासों से ही उत्तराखंड को विकास की नई दिशा और गति दी जा सकती है।