भाजपा प्रदेश कार्यालय में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, सीएम धामी ने किया ध्वजारोहण
देहरादून। देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी विशेष समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, महामंत्री कुंदन परिहार, मीडिया प्रभारी मानवीर चौहान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश की आजादी और मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और महानायकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना जीवन न्योछावर किया। उनके बलिदान और त्याग से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों के सपनों के अनुरूप भारत को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैश्विक स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है। उनके नेतृत्व में भारत ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं और विकास के क्षेत्र में नई दिशा तय की है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड में भी नवनिर्माण और पुनर्निर्माण के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार प्रदेश के विकास, आधारभूत ढांचे के विस्तार और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी से देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लेने की अपील की।
