मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री आवास में फहराया तिरंगा, पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
देहरादून। देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री धामी ने देश की आजादी और मां भारती की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों, अमर शहीदों और महानायकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को सदैव याद रखना और उनके सपनों के अनुरूप राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों के सपनों के अनुरूप देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की स्वीकार्यता लगातार बढ़ी है। उनके नेतृत्व में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका प्रभाव देश के विकास और प्रगति के विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड में भी नवनिर्माण और पुनर्निर्माण के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देते हुए पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।
