स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार को मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित, परिजनों ने जताया आभार
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के सदस्यों को सम्मान प्रदान कर उनके पूर्वजों के त्याग और बलिदान को नमन किया।
इसी क्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भुवनेश बौड़ाई विद्यार्थी के परिवार को भी सम्मानित किया गया। उनकी पौत्रवधू एवं भाजपा प्रवक्ता डॉ. सुनीता ‘विद्यार्थी’ ने बताया कि राजकीय समारोह में उनके पति अभिनव आदित्य बौड़ाई को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

डॉ. सुनीता ‘विद्यार्थी’ ने कहा कि यह सम्मान उनके परिवार के लिए बेहद गौरवपूर्ण और भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का त्याग और संघर्ष केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि जिस स्वतंत्रता का अनुभव आज देशवासी कर रहे हैं, उसकी नींव असंख्य वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से रखी गई थी। ऐसे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार का हिस्सा होना उनके लिए गर्व के साथ-साथ एक बड़ी नैतिक जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परिवार सहित राजकीय समारोह में शामिल होकर मिला सम्मान उनके लिए अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके पूर्वजों की निस्वार्थ देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की स्मृति को और मजबूत करता है।
डॉ. सुनीता ‘विद्यार्थी’ ने कहा कि उनका परिवार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने तथा देश की प्रगति में निरंतर योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है
