आम आदमी पार्टी ने धूमधाम से मनाया आजादी का जश्न, प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण कीं..
देहरादून। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड ने देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने प्रदेशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश को अंग्रेजी हुकूमत से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसमें प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और न्याय मिलना चाहिए। आज आवश्यकता है कि संविधान की मूल भावना को मजबूत करते हुए लोकतंत्र, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को आगे बढ़ाया जाए।

‘जनसेवा के माध्यम के रूप में राजनीति को देखती है आप’
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी राजनीति को सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम मानती है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संकल्प उत्तराखंड के आम नागरिकों की आवाज को मजबूती से उठाना और प्रदेश को भ्रष्टाचारमुक्त, पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन की दिशा में आगे ले जाना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं, महिलाओं, किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के अधिकारों एवं हितों की लड़ाई आम आदमी पार्टी मजबूती के साथ लड़ेगी। पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ जनता के बीच रहकर काम करेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कांवली वार्ड 42 में भी मनाया स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कैंट विधानसभा के कांवली वार्ड संख्या 42 में भी राष्ट्रीय ध्वजारोहण स्वतंत्रता दिवस मनाया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वार्ड में कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की शपथ ली। उन्होंने पूरे क्षेत्र को स्वच्छ रखने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। इसके बाद क्षेत्र में मिष्ठान वितरित कर लोगों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गईं।
कार्यकर्ताओं से सालभर जनहित में काम करने का आह्वान
कार्यक्रम के समापन पर प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस पर लिया गया संकल्प केवल एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर उनके अधिकारों और समस्याओं के लिए संघर्ष किया जाए।
उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र और बेहतर उत्तराखंड के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। आम आदमी पार्टी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए देश की प्रगति, समृद्धि, शांति और उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पाण्डेय, डीएस कौटिल्य, विपिन खन्ना, हिमांशु पुंडीर, नसीर खान, सीपी सिंह, अशोक सेमवाल, सुधा पटवाल, शरद जैन, वीर सिंह और चंद्रशेखर भट्ट समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
