देहरादून में 1.59 लाख गैस उपभोक्ताओं ने अभी तक नहीं कराई e-KYC, 23 अगस्त तक मौका
देहरादून। जनपद देहरादून में घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शनों की e-KYC प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भारत सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को e-KYC पूरा करने के लिए अब 23 अगस्त 2026 तक का अतिरिक्त समय दिया गया है।

जिले में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ता e-KYC पूरी कर चुके हैं, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं ने अभी तक अपनी e-KYC नहीं कराई है। लंबित उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
23 अगस्त तक नहीं कराई e-KYC तो बढ़ सकती है परेशानी
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द e-KYC पूरी करा लें।
उन्होंने बताया कि निर्धारित अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 तक e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है और उन्हें घरेलू कनेक्शन के स्थान पर व्यावसायिक दरों पर गैस उपलब्ध होगी।
e-KYC कराने के तीन आसान तरीके
गैस उपभोक्ता अपनी e-KYC तीन माध्यमों से पूरी कर सकते हैं—
1. गैस एजेंसी पर जाकर:
उपभोक्ता अपने संबंधित गैस वितरक की एजेंसी में जाकर e-KYC करा सकते हैं।
2. डिलीवरी कर्मी के माध्यम से:
घर पर गैस सिलिंडर की डिलीवरी करने वाले कर्मचारी के पास उपलब्ध मोबाइल एप और बायोमेट्रिक उपकरण के माध्यम से भी e-KYC कराई जा सकती है।
3. अधिकृत मोबाइल एप से स्वयं:
इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस जैसी संबंधित तेल विपणन कंपनी का अधिकृत मोबाइल एप डाउनलोड कर उपभोक्ता स्वयं भी e-KYC की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
उपभोक्ताओं से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने कहा कि e-KYC का उद्देश्य गैस कनेक्शनों का सत्यापन सुनिश्चित करना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे 23 अगस्त की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी e-KYC पूरी करा लें, ताकि घरेलू एलपीजी सेवा का निर्बाध लाभ मिलता रहे।
देहरादून में अभी भी 1,59,299 घरेलू गैस उपभोक्ताओं की e-KYC लंबित है। ऐसे में उपभोक्ताओं के पास अब कुछ ही दिन का समय बचा है।
