CrimeDEHRADUN

गैस सिलेंडरों से चोरी-छिपे गैस निकालने का खुलासा, वितरण वाहन जब्त; दो कर्मचारियों समेत गैस एजेंसी पर मुकदमा

देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए पूर्ति विभाग की टीम ने ग्राम सोडा सिरौली में घरेलू गैस वितरण वाहन की जांच की। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने का मामला सामने आया, जिसके बाद गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर विधिक कार्रवाई की गई।

 

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट को मौके पर भेजकर की गई जांच में ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून की घरेलू गैस वितरण गाड़ी की तलाशी ली गई। वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए।

 

 

 

4 सिलेंडरों से निकाली गई थी गैस

जांच के दौरान चार सिलेंडरों से करीब 1 किलो से लेकर 6.5 किलो तक गैस निकाली गई थी, जबकि शेष 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए पाए गए।

स्थानीय लोगों ने भी पूर्ति विभाग की टीम के सामने पुष्टि की कि वितरण कर्मियों द्वारा कथित तौर पर सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकाली जा रही थी। इस संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया गया।

मौके से गैस को एक सिलेंडर से दूसरे में स्थानांतरित करने में इस्तेमाल किया जाने वाला रिफिलर उपकरण भी बरामद किया गया।

 

 

गैस वितरण वाहन किया गया जब्त

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्ति विभाग ने गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर लिया। बरामद सभी 26 गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है।

वहीं मामले में संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर और रटनेश पुत्र चंद्रपाल के साथ-साथ ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: पूर्ति विभाग

जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कड़ी और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि घरेलू गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा और शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जांच दल में ये अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट तथा पूर्ति सहायक विजय जांच दल में शामिल रहे।

पूर्ति विभाग की इस कार्रवाई के बाद घरेलू गैस वितरण व्यवस्था में अनियमितता करने वाले एजेंसी संचालकों और वितरण कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।