आमजन की सुरक्षा को लेकर मुस्तैद देहरादून पुलिस, सीमाओं से लेकर आंतरिक मार्गों तक सघन चेकिंग
देहरादून। आमजन की सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए देहरादून पुलिस ने पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस टीमें लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही हैं।

सीमावर्ती चेक पोस्टों पर बढ़ाई निगरानी
पुलिस द्वारा जनपद की सभी सीमावर्ती चेक पोस्टों के साथ-साथ प्रमुख आंतरिक मार्गों पर भी लगातार चेकिंग की जा रही है। इस दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ करने के साथ ही उनकी पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जा रही है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पैनी नजर
पुलिस टीमों द्वारा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार प्रभावी गश्त की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोकना और जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो पुलिस को दें सूचना
दून पुलिस ने आमजन से भी सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति या गतिविधि पर संदेह हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चल रहा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का फोकस जनपद की सीमाओं के साथ-साथ आंतरिक क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने पर है।
