CRIME NEWSDEHRADUN

सोशल मीडिया पर वायरल होने का शौक पड़ा भारी, थार की छत पर हुड़दंग करने वाले 8 युवकों पर कार्रवाई

देहरादून। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सड़क पर खतरनाक तरीके से हुड़दंग करना आठ युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना बसंत विहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। संबंधित वाहन को भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।

थार की खिड़कियों और छत पर सवार होकर निकाली रैली

पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक बल्लीवाला क्षेत्र के पास जीएमएस रोड पर थार रॉक्स और एक अन्य वाहन की खिड़कियों तथा छत पर बैठकर रैली/जुलूस निकालते दिखाई दे रहे थे।

युवकों का यह अंदाज न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन था, बल्कि इससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और आम लोगों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरा पैदा हो रहा था।

वायरल वीडियो से पुलिस ने निकाला सुराग

वीडियो के वायरल होने के बाद एसएसपी देहरादून ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए थानाध्यक्ष बसंत विहार को संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

बसंत विहार पुलिस ने वीडियो की जांच करते हुए संबंधित वाहनों और उनके चालकों की पहचान की। इसके बाद वाहनों में सवार आठ युवकों को संबंधित वाहन के साथ थाने लाया गया।

वाहन सीज, युवकों को सख्त चेतावनी

पुलिस ने युवकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की। साथ ही उन्हें भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई।

वहीं संबंधित वाहन को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।

दून पुलिस की दो टूक—स्टंट और हुड़दंग बर्दाश्त नहीं

दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने या दिखावा करने के लिए सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, स्टंट करने अथवा हुड़दंग करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।