Uttrakhand

राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस सेवा दल ने लगाई प्रदर्शनी, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद

देहरादून, 20 अगस्त।

भारत केसरी

पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस सेवा दल की ओर से कांग्रेस भवन देहरादून में उनके जीवन और कार्यों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रदेश मुख्य संगठक हेमा पुरोहित के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “राजीव गांधी अमर रहें” और “राजीव गांधी का बलिदान, याद रखेगा हिंदुस्तान” जैसे नारों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रदर्शनी के माध्यम से राजीव गांधी के राजनीतिक जीवन, देश के विकास में उनके योगदान और उनके दूरदर्शी निर्णयों को प्रदर्शित किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने तथा कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

इस अवसर पर कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी की आधुनिक और प्रगतिशील भारत की सोच आज भी युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि उनके योगदान और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

वहीं, महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे आधुनिक भारत के निर्माण के दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने और पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।

डॉ. गोगी ने कहा कि राजीव गांधी का वैज्ञानिक सोच, तकनीकी प्रगति और मजबूत भारत का सपना आज भी प्रासंगिक है। उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, मनमोहन सिंह, वीरेंद्र पंवार, ललित बद्री, सावित्री थापा, अनूप सिंह, पंकज छेत्री, डॉ. प्रतिमा शर्मा, गोपाल सिंह गढ़िया, शार्दुल नेगी, शीला श्रीवास्तव, मंजू चौहान, मीना, रंजना सहित कांग्रेस सेवा दल एवं कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे