CRIME NEWSDEHRADUN

प्रेमनगर के PG-हॉस्टल में पुलिस का देर रात अभियान, 4 संचालकों को नोटिस; 4 युवक हिरासत में

देहरादून।

भारत केसरी

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित पीजी और हॉस्टलों में देर रात आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने हॉस्टल और पीजी में रहने वाले छात्र-छात्राओं की जानकारी जुटाई और संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने हॉस्टल संचालकों को सभी छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने, प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही प्रवेश देने की हिदायत दी। साथ ही आने-जाने वाले व्यक्तियों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

 

पुलिस ने स्पष्ट किया कि पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, नशे का सेवन या किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित छात्र-छात्रा के साथ हॉस्टल या पीजी संचालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

अभियान के दौरान 4 हॉस्टलों में अनियमितताएं पाए जाने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए और तय समयसीमा में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले 4 युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

 

दून पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों को चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी