DEHRADUNDM DEHRADUN

बालावाला में जनसमस्याओं पर डीएम सख्त, सिंचाई विभाग से मांगा स्पष्टीकरण

देहरादून।

भारत केसरी

बालावाला और गूलर घाटी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं और विभागीय लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नहर की सफाई, जलापूर्ति, सुरक्षा, सीवर निर्माण और जलभराव जैसी समस्याओं पर डीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

किसानों ने बताया कि सिंचाई नहर में लंबे समय से सिल्ट जमा है और करीब चार वर्षों से नहर की समुचित सफाई नहीं हुई है। इससे किसानों को पर्याप्त सिंचाई पानी नहीं मिल पा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए नहर की सफाई और मरम्मत के लिए धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद टेंडर प्रक्रिया पूरी न किए जाने पर स्पष्टीकरण तलब किया।

 

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोस्टर के अनुसार किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए और नहर की सफाई व मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।

 

हाथी-बाघ और आवारा कुत्तों की समस्या पर भी सख्ती

 

बालावाला क्षेत्र में हाथी, बाघ और आवारा कुत्तों से जुड़ी सुरक्षा समस्या पर भी जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने वन विभाग और नगर निगम को तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। जंगल से सटे नहर क्षेत्र में रात के समय सुरक्षा के लिए सोलर लाइट लगाने का प्रस्ताव भी मांगा गया।

 

मियांवाला चौक पर शराब की दुकान के आसपास रोजाना लगने वाले जाम की शिकायत पर भी डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए।

 

सुनसान खेल मैदान में बढ़ेगी पुलिस गश्त

 

बालावाला घोड़ा फैक्ट्री के पास स्थित सुनसान खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को नियमित और प्रभावी गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

 

गूलर घाटी में बनेगा ईको पार्क

 

गूलर घाटी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राकृतिक जलस्रोत के संरक्षण और संवर्धन के निर्देश दिए। उन्होंने जलस्रोत को रिवर रिजूवनेशन प्रोजेक्ट में शामिल करने और पूरे क्षेत्र को ईको पार्क के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

 

साथ ही लंबे समय से बंद पड़े हाइड्रम को दोबारा स्थापित करने के लिए लघु सिंचाई विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

 

खुले में कूड़ा डंपिंग पर नगर निगम को फटकार

 

देवीपुरा क्षेत्र में खुले में अनधिकृत कूड़ा डंप किए जाने पर जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल नोटिस जारी करने और मौके पर पड़े कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जलभराव पर यूयूएसडीए को फटकार

 

गूलरघाटी मोटर मार्ग पर नकरौंदा के पास बांगी पुलिया क्षेत्र में जलभराव की समस्या का भी डीएम ने निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने सीवर लाइन निर्माण के दौरान खुदाई के बाद समुचित ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होने की शिकायत की।

 

इस पर जिलाधिकारी ने यूयूएसडीए के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल ड्रेनेज प्लान तैयार करने और सीवर परियोजना में ड्रेनेज व्यवस्था की कमी को लेकर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान यूयूएसडीए के अधिशासी अभियंता के मौके पर मौजूद न रहने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई और उनके खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं से जुड़े स्थलीय निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी अनिवार्य है और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, राज्य सरकार के दायित्वधारी सांतुनू बिष्ट समेत अन्य जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।