सहसपुर में SIR शिविरों का निरीक्षण, मैपिंग से छूटे मतदाताओं से दस्तावेज जल्द जमा करने की अपील
देहरादून।
भारत केसरी
विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर प्रशासन ने मैदानी स्तर पर निगरानी तेज कर दी है। शुक्रवार को गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में लगाए गए विशेष शिविरों और चयनित मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति जानी।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में मैपिंग से छूटे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि बीएलओ मतदाताओं से आवश्यक अभिलेख और निर्धारित प्रमाण-पत्र प्राप्त कर नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
आयुक्त ने शिविरों में पहुंचे लोगों से सीधे संवाद कर SIR प्रक्रिया से जुड़ी उनकी शंकाओं और समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को मैपिंग और जरूरी दस्तावेजों के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो।
गढ़वाल आयुक्त ने मैपिंग से छूटे मतदाताओं से अपील की कि वे घबराएं नहीं और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक अभिलेख जल्द से जल्द संबंधित बीएलओ या निर्धारित शिविर में जमा करें। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद नियमानुसार मतदाता सूची में नाम शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय झाझरा, जूनियर हाईस्कूल सेलाकुई, राजकीय इंटर कॉलेज सेलाकुई और राजकीय प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर समेत अन्य मतदेय स्थलों पर SIR कार्यों का जायजा लिया गया। आयुक्त ने बीएलओ को घर-घर संपर्क और शिविरों के माध्यम से लंबित मैपिंग वाले मतदाताओं तक पहुंच बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ SIR का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट एवं ERO सहसपुर राकेश तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली समेत संबंधित अधिकारी और निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।
