नारी निकेतन में बदला अंदाज, संवासिनियों के चेहरे पर खिला आत्मविश्वास
देहरादून।
भारत केसरी
नारी निकेतन, केदारपुरम में संवासिनियों और बालिका निकेतन की बालिकाओं के आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और व्यक्तिगत स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विशेष हेयर ग्रूमिंग एवं पर्सनल केयर क्लास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की पहल पर आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में नारी निकेतन की 155 संवासिनियों और बालिका निकेतन की 18 बालिकाओं को हेयर कटिंग, हेयर ग्रूमिंग, आइब्रो ग्रूमिंग के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता और पर्सनल केयर से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई। IBI International, देहरादून की करीब 35 सदस्यीय छात्र एवं विशेषज्ञ टीम ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण और सेवाएं प्रदान कीं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि ग्रूमिंग केवल बाहरी रूप-रंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और मानसिक प्रसन्नता से भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि नारी निकेतन में रहने वाली प्रत्येक महिला को सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का अधिकार है।
कार्यक्रम का उद्देश्य संवासिनियों और बालिकाओं में स्वच्छता, आत्मसम्मान और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करना रहा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने IBI International की टीम के स्वैच्छिक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

