CRIME NEWSDEHRADUNSSP Dehradun

ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक: वीकेंड पर देहरादून पुलिस का बड़ा चेकिंग अभियान

देहरादून।

भारत केसरी

वीकेंड पर शहर और देहात क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने देर रात “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 53 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ के साथ सत्यापन की कार्रवाई की गई। पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत संबंधित व्यक्तियों के चालान भी किए गए।

 

वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया और उनके वाहनों को सीज कर दिया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 36 वाहन चालकों के एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए, जिनसे कुल 32,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

 

इसके अलावा 46 वाहन चालकों के चालान माननीय न्यायालय के लिए भेजे गए, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 23 वाहनों को सीज किया गया।

 

एसएसपी देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि रात्रि में इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

 

देहरादून पुलिस की नाइट स्ट्राइक ने साफ कर दिया है कि वीकेंड की रात कानून तोड़ने वालों पर पुलिस की नजर है और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।