Uttrakhand

एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 15 लाख से अधिक नोटिसों पर सुनवाई पूरी

देहरादून।

भारत केसरी

उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर निर्वाचन विभाग ने राजनीतिक दलों के साथ मंथन तेज कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एसआईआर की प्रगति, प्रक्रिया की पारदर्शिता और राजनीतिक दलों की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान निर्वाचन विभाग ने राजनीतिक दलों से सुझाव भी लिए।

 

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि ड्राफ्ट रोल में शामिल कुल 71 लाख मतदाताओं में से अनमैप्ड और विसंगति वाले करीब 24 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 15 लाख से अधिक नोटिसों पर सुनवाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष मामलों में कार्रवाई जारी है।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत संपादित की जा रही है। प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए 9 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के तौर पर अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

बैठक में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि मौजूद रहे। राजनीतिक दलों ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपने सुझाव और पक्ष निर्वाचन विभाग के सामने रखे।

 

निर्वाचन विभाग का कहना है कि एसआईआर के तहत चल रही कार्रवाई का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।