आढ़त बाजार का विकास कार्य पूरा, सितंबर तक दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
देहरादून, 24 जुलाई 2026।
भारत केसरी
धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने आढ़त बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि नवीन आढ़त बाजार का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
विधायक विनोद चमोली ने विकास कार्यों पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को शेष प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुकानों और भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया सितंबर माह तक हर हाल में पूरी की जाए, ताकि व्यापारियों को जल्द इसका लाभ मिल सके।

पार्किंग व्यवस्था पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान आढ़त बाजार की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को पार्किंग शुल्क निर्धारित करने के निर्देश दिए, साथ ही आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
NHAI के साथ समन्वय के निर्देश
आढ़त बाजार के आसपास यातायात व्यवस्था को लेकर विधायक ने NHAI के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार और आसपास के क्षेत्र का विकास इस तरह किया जाए कि यातायात सुचारु रहे और व्यापारियों के साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आढ़त बाजार का व्यवस्थित विकास प्राधिकरण की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और सितंबर तक आवंटन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुसार संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पार्किंग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।
