सहसपुर में महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, आधुनिक मशीनों से लैस होगा कॉमन फैसिलिटी सेंटर
देहरादून, 25 अगस्त 2026।
भारत केसरी
सहसपुर क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन देहरादून ने महत्वपूर्ण पहल की है। लंबे समय से बंद पड़ी कॉमन फैसिलिटी सेंटर की सिलाई यूनिट को आधुनिक मशीनों के साथ दोबारा सक्रिय किया जा रहा है। केंद्र के उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
जिला प्रशासन के मुताबिक, सहसपुर ब्लॉक के निकट जिला उद्योग केंद्र में वर्ष 2024 में स्थापित सिलाई यूनिट को अब आस्था कलेक्टर लेवल फेडरेशन, सहसपुर ब्लॉक को संचालन के लिए सौंपा गया है। केंद्र में करीब 25 से 30 आधुनिक सिलाई मशीनें उपलब्ध हैं। इनके माध्यम से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें उत्पादन और बाजार से जोड़ने की योजना है।

जूट बैग से स्कूल ड्रेस तक तैयार होंगे उत्पाद
कॉमन फैसिलिटी सेंटर में महिलाएं जूट बैग, स्कूल ड्रेस, कार कवर, बाइक सीट कवर समेत कई उत्पाद तैयार करेंगी। प्रशासन का फोकस महिलाओं को केवल प्रशिक्षण देने तक सीमित रखने के बजाय उन्हें सीधे उत्पादन और आय से जोड़ने पर है।
निजी कंपनियों से ऑर्डर दिलाने की तैयारी
महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की डिजाइन और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही निजी कंपनियों से संपर्क कर स्वयं सहायता समूहों को नियमित ऑर्डर दिलाने की तैयारी है। भविष्य में सेलाकुई सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से बड़े स्तर पर बल्क ऑर्डर हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।
‘लखपति दीदी’ बनाने में मिलेगी मदद
प्रशासन का मानना है कि यह केंद्र ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है। प्रशिक्षण, उत्पादन, बाजार और आय को एक साथ जोड़कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
आधुनिक मशीनों का होगा सदुपयोग: सीडीओ अभिनव शाह
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि सहसपुर का कॉमन फैसिलिटी सेंटर पहले ट्रेनिंग सेंटर के रूप में संचालित हो रहा था। अब इसे समूह की महिलाओं के संचालन के लिए सौंपा जा रहा है और इसके लिए क्लस्टर का चयन भी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि केंद्र के दोबारा सक्रिय होने से आधुनिक मशीनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण महिलाओं को जूट बैग, स्कूल ड्रेस समेत विभिन्न उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण मिलेगा। इससे महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के साथ उनकी आय बढ़ाने के अवसर भी मिलेंगे।
आधुनिक मशीनों से रोजगार के नए रास्ते
जिला परियोजना प्रबंधक रीप सोनम गुप्ता ने बताया कि सहसपुर बैरियर के पास जिला उद्योग केंद्र की ओर से स्थापित कॉमन फैसिलिटी सेंटर में कई आधुनिक सिलाई मशीनें उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन की पहल पर अब इन मशीनों का लाभ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को देने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि सहसपुर ब्लॉक की कई ग्रामीण महिलाएं पहले से ही सिलाई के काम में दक्ष हैं। ऐसे में आधुनिक मशीनों के जरिए उन्हें बेहतर उत्पादन और बाजार उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे रोजगार के साथ उनकी आमदनी बढ़ने की उम्मीद है।
