Uttrakhand

बड़कोट में रक्षाबंधन पर उमड़ा बहनों का सैलाब, मनवीर चौहान को बांधी राखी

बड़कोट।

भारत केसरी

रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नगर पालिका बड़कोट में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की अगुवाई में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की गंगा और यमुना घाटी सहित दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं ने मनवीर सिंह चौहान की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान स्थानीय महिला संगीत मंडलियों और लोक कलाकारों ने भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रसिद्ध लोक गायिका मीना राणा ने भी अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांधा। उनकी लोक सांस्कृतिक प्रस्तुति पर मौजूद महिलाएं और पुरुष जमकर झूमे।

कार्यक्रम में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी देखने को मिली। गंगा-यमुना घाटी से पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं के एकजुट होने से पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

इस अवसर पर मनवीर सिंह चौहान ने कार्यक्रम में पहुंचीं सभी बहनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बहनों का प्रेम और स्नेह हिंदू संस्कृति एवं सनातन परंपरा की पहचान है। भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते और परंपरा को संजोए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का आशीर्वाद मिला तो भविष्य में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों का यह संगम सनातन संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अतोल रावत, अनुपमा रावत, भाजपा जिला महामंत्री परशुराम जुगड़ी, मंडल अध्यक्ष अमित रावत, शैलेंद्र कोहली, हरिमोहन चंद, तरवीन सिंह राणा सहित भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन तरवीन सिंह राणा ने किया।