मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 5 साल के कामकाज पर बना खास एल्बम, मुख्यमंत्री ने किया विमोचन
देहरादून।
भारत केसरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन और आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता संस्था की ओर से तैयार विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। यह एल्बम मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और उत्तराखंड की विकास यात्रा पर आधारित है।

मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक और अन्य कलाकारों के साथ संस्था के पदाधिकारियों को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को बढ़ावा देने, महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी सरकार का विशेष जोर है।

कार्यक्रम में आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए निर्णयों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी और शिवानी नेगी तथा संगीतकार विजयपाल कलूड़ा सहित एल्बम से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आशा कोठारी ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
