CM UTTRAKHANDUttrakhand

CM धामी को बहनों ने बांधी राखी, महिला सशक्तिकरण का लिया संकल्प

देहरादून।

भारत केसरी

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रदेशभर से पहुंचीं बहनों और मातृशक्ति ने रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का आत्मीयता से स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में महिला उन्नति संस्था, उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष पिंकी बिष्ट ने भी मुख्यमंत्री धामी को राखी बांधी। उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है।

 

पिंकी बिष्ट ने कहा कि महिला उन्नति संस्था महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज में महिलाओं की भागीदारी मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

 

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। प्रदेश की मातृशक्ति और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उन्हें उत्तराखंड की सेवा और राज्य के विकास के लिए निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं के कल्याण और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य सरकार की सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। वहीं, उत्तराखंड में लखपति दीदी अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और प्रदेश में 3 लाख 9 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पाद, कृषि, हस्तशिल्प और स्वरोजगार गतिविधियों के जरिए अपनी आजीविका मजबूत करने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई मातृशक्ति मौजूद रही।