सार्वजनिक जगह हुड़दंग पड़ा भारी, देहरादून पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार
देहरादून।
भारत केसरी
सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट और हुड़दंग कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर प्रेमनगर और विकासनगर थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।


प्रेमनगर में मारपीट पर उतारू युवक गिरफ्तार
25 अगस्त को कोतवाली प्रेमनगर पुलिस को सैनिक कॉलोनी, झाझरा में विवाद और हुड़दंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार अफजल नाम का युवक स्थानीय लोगों से विवाद करते हुए मारपीट पर उतारू था। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने अफजल को धारा 170/126/135 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफजल पुत्र तौफीक, निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी रुड़की, हाल निवासी सैनिक कॉलोनी झाझरा, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई।
विकासनगर में वायरल वीडियो का पुलिस ने लिया संज्ञान
विकासनगर क्षेत्र में 26 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें तीन युवक मुख्य बाजार में अभद्रता और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए हुड़दंग करते दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए तीनों युवकों की पहचान की और उन्हें धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल एक दोपहिया वाहन को भी सीज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युवराज शर्मा, अभिषेक और ओजस शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक युवराज शर्मा की उम्र 20 वर्ष, अभिषेक की 21 वर्ष और ओजस शर्मा की उम्र 25 वर्ष है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने, मारपीट और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
