Uttrakhand

हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ FIR, शिकायत के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

 

हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ FIR, शिकायत के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

हल्द्वानी।

भारत केसरी

रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर चल रहा सियासी विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। सामने आई एफआईआर की कॉपी के मुताबिक, अमित कुमार, निवासी जवाहर नगर, हल्द्वानी की शिकायत पर कोतवाली हल्द्वानी में FIR संख्या 0297/2026 दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता की उम्र/जन्म वर्ष 2000 दर्ज है।

Oplus_16908288

एफआईआर के अनुसार मामला 30 अगस्त 2026 की रात करीब 10:16 बजे दर्ज किया गया। पुलिस रिकॉर्ड में घटना की तारीख 29 अगस्त 2026 दर्ज है। मामले में एससी/एसटी एक्ट, 1989 की धारा 3(1)(r)/(s) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 299 का उल्लेख किया गया है।

 

बताया जा रहा है कि शिकायत में राहुल गांधी द्वारा हल्द्वानी रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण प्रकरण को जातिगत रूप देने पर आपत्ति जताई गई है। इसी आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई थी। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रविवार रात इस विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई।

 

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में सभा के बाद रामलीला मैदान में कथित तौर पर हवन और गंगाजल छिड़कने का मामला सामने आया था। कांग्रेस ने इसे जातिगत भेदभाव और ‘अस्पृश्यता’ से जोड़ते हुए विरोध किया, जबकि बीजेपी ने घटना से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है।

 

अब इस पूरे विवाद ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। एक तरफ कांग्रेस FIR और कार्रवाई की मांग कर रही थी, तो दूसरी तरफ शिकायत के आधार पर राहुल गांधी के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज हो गया है। ऐसे में हल्द्वानी का रामलीला मैदान विवाद उत्तराखंड की राजनीति में आने वाले दिनों में और गरमाने के आसार हैं।