Uttrakhand

खड़गे के ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर कांग्रेस का हल्लाबोल, FIR की मांग को लेकर पुलिस चौकी पहुंची पार्टी

देहरादून।

भारत केसरी

हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह ‘गोगी’ के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने धारा चौकी, कोतवाली देहरादून पहुंचकर एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा।

कांग्रेस का आरोप है कि 8 अगस्त को हुई कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना ने न सिर्फ मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया, बल्कि दलित समाज की भावनाओं और संविधान की मूल भावना को भी ठेस पहुंचाई है।

 

डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि खड़गे देश के महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली घटना को सामान्य राजनीतिक विवाद मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

 

उन्होंने कहा कि मंच का कथित शुद्धिकरण सामाजिक समरसता के खिलाफ मानसिकता को दर्शाता है। कांग्रेस ने मांग की कि घटना में शामिल लोगों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए।

 

डॉ. गोगी ने संविधान के अनुच्छेद 14 और अनुच्छेद 17 का हवाला देते हुए कहा कि देश में समानता और अस्पृश्यता उन्मूलन की संवैधानिक व्यवस्था है, इसलिए जाति के आधार पर किसी भी तरह के अपमान या भेदभाव को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

 

कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर मामले में जल्द कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी प्रदेशभर में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगी।

 

इस दौरान सुलेमान अंसारी, प्रतिमा सिंह, शीशपाल बिष्ट, प्रीतम आर्य, सुनील जायसवाल, संजय कन्नौजिया, देवेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र पंवार, संजय उनियाल, मुकीम अहमद भूरा, इल्लाइस अंसारी, मुकेश सोनकर, अर्जुन पासी, अरुण शर्मा, गगन छाजर, आदर्श सूद, राजीव प्रजापति, अनूप कपूर, नीरू सिंह, दीपक गुप्ता, अमनदीप सिंह, पुष्पा पंवार सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।