सीएम के आश्वासन के बाद बनचौरा का 17 दिनों से चल रहा धरना समाप्त
देहरादून। यमुनोत्री क्षेत्र के बनचौरा की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 17 दिनों से चल रहा धरना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री से सकारात्मक वार्ता और मांगों पर आवश्यक कार्रवाई के भरोसे के बाद क्षेत्रवासियों ने आंदोलन खत्म करने का निर्णय लिया।
धरना समाप्त होने के बाद क्षेत्रवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री खजानदास और भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने बनचौरा क्षेत्र की पांच सूत्रीय मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संवाद के माध्यम से लंबे समय से चल रहे धरने का समाधान निकलने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इस दौरान क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बनचौरा में प्रस्तावित विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए आमंत्रित भी किया।

17 दिनों का संघर्ष क्षेत्र की एकजुटता का प्रतीक
मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि 17 दिनों तक चला आंदोलन बनचौरा क्षेत्र की एकजुटता, धैर्य और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के संकल्प का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि धरना भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन क्षेत्र के विकास और मांगों को पूरा कराने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के अनुरूप पांच सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई होगी और क्षेत्र में विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।
चौहान ने कहा कि यमुनोत्री क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने जनता को कभी निराश नहीं किया है और वह अपने वादों पर खरे उतरते रहे हैं। क्षेत्र का विकास, क्षेत्रवासियों के अधिकार और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में दशगी हातड़ बिष्ट पट्टी संघर्ष समिति के सचिव जगवीर सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली, प्रधान संगठन चिन्यालीसौड़ के ब्लॉक अध्यक्ष अक्वीर सिंह राणा, इंद्रपाल सिंह राणा, ब्रह्मानंद मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीपाल चौहान, विजय बड़ौनी, जयप्रकाश भट्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. शैलेंद्र कोहली, ग्राम प्रधान मोरगी अनोज भट्ट, नीतीश रमोला, बिपिन राणा और मनवीर महंत समेत अन्य लोग शामिल रहे।
