पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईएमए बना एस.पी. सिन्हा मेमोरियल फुटबॉल चैंपियन, रोमांचक शूटआउट में 9-8 से जीता फाइनल
देहरादून, 3 सितंबर 2026। इंडियन पब्लिक स्कूल (आईपीएस), राजावाला के फुटबॉल मैदान में आयोजित 8वीं श्री एस.पी. सिन्हा मेमोरियल फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 का खिताब पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईएमए ने अपने नाम कर लिया। बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में केंद्रीय विद्यालय आईएमए ने सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल को पेनल्टी शूटआउट में 9-8 से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया।
फाइनल मुकाबला दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक रहा। निर्धारित समय के बाद फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जहां पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईएमए के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा और इंडियन पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल पीयूष वैष्णव ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

खिलाड़ियों को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार
चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी नवाजा गया।
सर्वाधिक गोल: अश्विन डी. एस. लामारे, सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल
सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: युवराज सिंह, सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: नयन पंवार, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईएमए
फेयर प्ले अवॉर्ड: दून वैली इंटरनेशनल स्कूल
12 स्कूलों की टीमों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन पब्लिक स्कूल, राजावाला द्वारा किया गया। स्कूल के हेड ऑफ स्पोर्ट्स अरुण गुसाईं और स्पोर्ट्स इंचार्ज प्रणय ने बताया कि चैंपियनशिप में देहरादून के प्रमुख विद्यालयों की 12 टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में दून ग्लोबल स्कूल, न्यू एरा एकेडमी, बलूनी पब्लिक स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल, सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, द टोंस ब्रिज स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल बीरपुर, केवी आईएमए, दून वैली इंटरनेशनल स्कूल, ब्रिस्टॉल स्कूल, तुलास इंटरनेशनल स्कूल और केवी ओएनजीसी की टीमें शामिल रहीं।
27 वर्षों से फुटबॉल के विकास में योगदान के लिए डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत सम्मानित
चैंपियनशिप के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को टेक्निकल डायरेक्टर और चीफ रेफरी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि विमल सिंह रावत ने मैच कमिश्नर की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के मुकाबलों का संचालन रेफरी रणबीर सिंह गुसाईं, वरुण चौहान, उत्कर्ष ज्ञानशुख, अमित कांत टमटा और राहुल कैंतुरा ने किया।
समापन समारोह के दौरान टेक्निकल डायरेक्टर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को फुटबॉल और खेलों के विकास के क्षेत्र में पिछले 27 वर्षों से किए जा रहे योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
आईपीएस के प्रिंसिपल पीयूष वैष्णव ने कहा कि डॉ. रावत का खेलों के प्रति योगदान बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि 57 वर्ष की आयु में भी उनकी फिटनेस और खेलों के प्रति ऊर्जा युवाओं के लिए प्रेरणा है।
वहीं, डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी माध्यम बनते हैं।
