उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार का इनामी मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी दिनेश कुमार पुत्र ओम प्रकाश, निवासी ग्राम जय भगवानपुर, थाना छप्पार, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। आरोपी की उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी हरिद्वार जिले के थाना ज्वालापुर में दर्ज मुकदमा संख्या 671/2023, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में वांछित था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ धारा 84 बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की जा रही थी।
आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इस दौरान सुरागरसी, पतारसी और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
छप्पार क्षेत्र में मिली लोकेशन, STF ने दबोचा
तकनीकी सर्विलांस और अन्य माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ को आरोपी की लोकेशन मुजफ्फरनगर के थाना छप्पार क्षेत्र में मिली। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी दिनेश कुमार को छप्पार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ का कहना है कि उत्तराखंड में सक्रिय गैंग, गैंगस्टर और वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तारी करने वाली STF टीम
- निरीक्षक एन.के. भट्ट
- उपनिरीक्षक विद्या दत्त जोशी
- हेड कांस्टेबल सुधीर केसला
- हेड कांस्टेबल अनूप भाटी
- हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार
- हेड कांस्टेबल महेंद्र नेगी
- कांस्टेबल कादर खान
