नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद के लिए चैरिटी बनेगा गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव
20 वर्षों से महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित हो रहा तीज मेला इस बार आपदा प्रभावित परिवारों को समर्पित, प्रार्थना और श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी होगा
देहरादून: नेपाल में आई भीषण जल प्रलय और आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी ने बड़ा मानवीय कदम उठाया है। समिति ने इस वर्ष आयोजित होने वाले हरितालिका तीज उत्सव एवं मेले को चैरिटी स्वरूप देने का निर्णय लिया है। उत्सव के माध्यम से नेपाल के आपदा प्रभावित परिवारों के लिए राहत राशि जुटाई जाएगी।
गोर्खाली महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी पिछले करीब 20 वर्षों से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट में भव्य तीज उत्सव और मेले का आयोजन करती आ रही है। इस बार आयोजन को सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना से जोड़ने का फैसला किया गया है।
दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए होगी प्रार्थना
समिति के मुताबिक नेपाल में आई भीषण आपदा में बड़ी संख्या में लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे में तीज उत्सव के दौरान आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना, शांति पाठ और मौन रखा जाएगा। इस दौरान दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की जाएगी।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से भी आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अधिक से अधिक सहयोग और दान देने की अपील की जाएगी।
सीएम धामी, स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के सानिध्य में कार्यक्रम की योजना
समिति ने कहा कि भारत हमेशा पड़ोसी देश नेपाल और अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों के साथ संकट की घड़ी में खड़ा रहा है। इसी भावना के तहत इस वर्ष तीज उत्सव को राहत एवं सहयोग अभियान से जोड़ा जा रहा है।
समिति की योजना है कि कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योगगुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के सानिध्य में प्रार्थना एवं शांति पाठ आयोजित किया जाए।
अधिक से अधिक सहयोग की अपील
वर्ष 2026 की समिति अध्यक्ष माया पंवार ने लोगों से अपील की है कि वे इस मानवीय पहल में अधिक से अधिक सहयोग करें, ताकि नेपाल के आपदा प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाई जा सके।
उन्होंने कहा कि तीज उत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रहकर इस बार पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना और सहयोग का माध्यम बनेगा।
तैयारियों में जुटी समिति
कार्यक्रम को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। संस्था अध्यक्ष प्रभा शाह, सचिव ज्योति कोटिया, संरक्षक सूर्य विक्रम शाही, गोदावरी थापली तथा मीडिया प्रभारी एवं उपाध्यक्ष वंदना बिष्ट सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
समिति का कहना है कि इस वर्ष का तीज उत्सव सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदना और आपदा पीड़ितों की सहायता के संदेश के साथ आयोजित किया जाएगा।
