नीम करौली बाबा की भक्ति से अभिभूत हुए सीएम धामी, ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखकर की सराहना
देहरादून, 4 सितंबर 2026।
भारत केसरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल पहुंचे, जहां उन्होंने संत नीम करौली बाबा के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन इसी महान संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है।
सीएम ने कहा कि बाबा की भक्ति, मानव सेवा और प्रेम का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उत्तराखंड को उन्होंने न केवल देवभूमि, बल्कि महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंची धाम आज देश-दुनिया में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में भारतीय संस्कृति, संत परंपरा और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।
बता दें कि ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 को हिंदी भाषा में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

