Uttrakhand

उत्तराखंड के शिक्षक गबर सिंह बिष्ट को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

भारत केसरी

उत्तराखंड के लिए गौरव का एक और बड़ा क्षण सामने आया है। पौड़ी गढ़वाल के दूरस्थ क्षेत्र नैनीडांडा विकासखंड के राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुस्याखाँद के प्रधानाध्यापक गबर सिंह बिष्ट को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।

Oplus_16908288
Oplus_16908288

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने गबर सिंह बिष्ट को यह सम्मान प्रदान किया। खास बात यह है कि विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में इस वर्ष उत्तराखंड से यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान हासिल करने वाले वह एकमात्र शिक्षक हैं।

 

गबर सिंह बिष्ट ने सीमित संसाधनों वाले दूरस्थ क्षेत्र में शिक्षा को नई तकनीक से जोड़कर विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई को आसान और रोचक बनाने का काम किया। उन्होंने प्रोजेक्टर, डिजिटल बोर्ड, गूगल मीट और ई-कंटेंट व पीपीटी जैसे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए गणित और विज्ञान जैसे कठिन विषयों को बच्चों के लिए सरल बनाने की पहल की।

 

कोरोना महामारी के दौर में जब स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हुई, तब भी उन्होंने ऑनलाइन माध्यमों के जरिए विद्यार्थियों की पढ़ाई को जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को इससे पहले भी राज्यपाल पुरस्कार और शैलेश मटियानी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

 

दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र में रहकर शिक्षा, तकनीकी नवाचार और समर्पण की मिसाल पेश करने वाले गबर सिंह बिष्ट का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना न सिर्फ पौड़ी गढ़वाल, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।