Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

हल्द्वानी शुद्धिकरण प्रकरण पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 7 सितंबर को सीएम आवास कूच

देहरादून।

भारत केसरी

हल्द्वानी रामलीला मैदान शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आगामी 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएल रोड स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित तैयारी बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कूच में शामिल होने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि 10 अगस्त को हल्द्वानी रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण प्रकरण के दोषियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

 

धस्माना ने कहा कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और भाजपा नेताओं के संरक्षण के चलते कार्रवाई नहीं हो रही है।

 

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जो राजनीतिक दबाव का परिणाम है।

 

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि 7 सितंबर को हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकलेंगे और प्रदेश सरकार की नींव हिलाने का काम करेंगे। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन दलित, पिछड़े और गरीब वर्ग के सम्मान की लड़ाई है।

 

वहीं, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने भाजपा सरकार पर अनुसूचित जाति के लोगों के साथ अन्याय और अत्याचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली वाले मैदान के कथित शुद्धिकरण की घटना केवल एक नेता का अपमान नहीं, बल्कि दलित, पिछड़े और गरीब वर्ग का अपमान है।

 

बैठक का संचालन धर्मपाल घाघट ने किया। उन्होंने कहा कि 7 सितंबर को डीएल रोड क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास कूच में शामिल होंगे।

 

कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि हल्द्वानी रामलीला मैदान शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर आंदोलन अब सड़क पर उतरने जा रहा है। ऐसे में 7 सितंबर का मुख्यमंत्री आवास कूच उत्तराखंड की सियासत में कितना बड़ा राजनीतिक संदेश देता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।