सहसपुर में ड्रग्स माफियाओं पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण जमींदोज
देहरादून।
भारत केसरी
सहसपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। खुशहालपुर और जस्सोवाला में संयुक्त टीम ने 13 लोगों के अवैध निर्माणों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई की जद में आए लोगों में 10 ऐसे आरोपी शामिल हैं, जिनके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी, गौकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें कई आरोपियों के खिलाफ पहले भी गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है
कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि पर कथित तौर पर अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों और अन्य निर्माणों को ध्वस्त किया गया। पुलिस के अनुसार, चिन्हित आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में लंबे समय से आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं।
खुशहालपुर में आमिर, मेहराज, सलमान, दिलशाद उर्फ मिर्ची, मोहसीन, फैजान और कौसर के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इन लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गौवंश संरक्षण अधिनियम, आर्म्स एक्ट, चोरी और गैंगस्टर/गुंडा एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
वहीं, जस्सोवाला में बिरजू, सूरज और सोहिन के अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक बिरजू और सूरज के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत तथा सोहिन के खिलाफ चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराध में लिप्त लोगों और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
