CRIME NEWSDEHRADUN

सेलाकुई में 3 वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती के बीच दून पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। थाना सेलाकुई पुलिस ने वाहन चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई तीनों मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली हैं।

पुलिस के अनुसार सेलाकुई थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से तीन मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की जानकारी जुटाई।

धूलकोट तिराहे के पास हुई गिरफ्तारी

लगातार पुलिस प्रयासों के बाद 6 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर धूलकोट तिराहे से सिंहनीवाला की ओर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर धूलकोट तिराहे के आगे एक सुनसान स्थान पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई तीनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

नशे की लत के लिए करते थे वाहन चोरी

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे तथा अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बाहर ले जाकर बेचने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • सचिन, उम्र 28 वर्ष, मूल निवासी पीलीभीत, उत्तर प्रदेश और वर्तमान में सेलाकुई क्षेत्र में रह रहा था।
  • विशाल यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेलाकुई, देहरादून।

बरामद वाहन

  • हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
  • हीरो मोटरसाइकिल
  • बजाज सीडी 100 मोटरसाइकिल

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, अपर उपनिरीक्षक उमेद असवाल, अपर उपनिरीक्षक दीपेन्द्र रावत, हेड कांस्टेबल नीरज शुक्ला सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।