हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर कांग्रेस का हल्ला बोल, मुख्यमंत्री आवास कूच में उमड़ा जनसैलाब
देहरादून, 7 सितंबर 2026। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।

भारी बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। परेड ग्राउंड में आयोजित सभा के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।

परेड ग्राउंड में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
मुख्यमंत्री आवास घेराव से पहले परेड ग्राउंड में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना लोकतांत्रिक परंपराओं, सामाजिक सौहार्द और विपक्ष के सम्मान के खिलाफ है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है और लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाती रहेगी।
कुमारी शैलजा ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता से है, न कि नफरत और भेदभाव से। उन्होंने सरकार से पूरे मामले पर स्पष्ट जवाब देने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम स्थल को कथित रूप से ‘अशुद्ध’ बताकर उसका शुद्धिकरण करना उत्तराखंड की साझा संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत ने भी किया हमला
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल को ‘शुद्ध’ और ‘अशुद्ध’ बताने की मानसिकता संविधान की मूल भावना के विपरीत है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति विकास के मुद्दों से हटकर समाज में विभाजन पैदा करने की दिशा में बढ़ रही है।
वहीं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड को नफरत और भेदभाव की राजनीति का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा।
अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरा
मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान कांग्रेस ने केवल हल्द्वानी प्रकरण ही नहीं, बल्कि प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, युवाओं की बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, किसानों की समस्याओं, जमीनों की नीलामी और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर भी भाजपा सरकार को घेरा।
कई नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। इनमें रुड़की के पूर्व महापौर यशपाल राणा, हरिद्वार के पूर्व प्रधानाचार्य मनोज कुमार सैनी, यमकेश्वर-कोटद्वार क्षेत्र से पूर्व प्रमुख भुवनेश खर्कवाल, पुरोला के पूर्व अधिशासी अधिकारी भजनलाल आर्य सहित अन्य लोग शामिल रहे।
सभा का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। प्रदर्शन में कुमारी शैलजा, गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह, करण माहरा, गुरदीप सिंह सप्पल सहित बड़ी संख्या में विधायक, पूर्व विधायक और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण में कार्रवाई और न्याय मिलने तक उसका आंदोलन जारी रहेगा तथा जनहित के अन्य मुद्दों पर भी पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
